कोंडागांव/अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने दो अलग-अलग जिलों में छापेमार कार्रवाई कर रिश्वत लेते अधिकारियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
कोंडागांव में बीईओ कार्यालय में पदस्थ बाबू सतीश सोढ़ी को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि मिडिल स्कूल सरपंच पारा से सेवानिवृत्त शिक्षक सोनसिंह यादव की पेंशन शुरू कराने के बदले उनसे रिश्वत मांगी गई थी। पीड़ित की शिकायत पर ACB जगदलपुर टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि इसी बीईओ कार्यालय में भ्रष्टाचार को लेकर पहले भी दो कार्रवाइयां हो चुकी हैं।
वहीं अंबिकापुर के गोधनपुर स्थित हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में एसीबी ने संभागीय कमिश्नर पीसी अग्रवाल और बाबू अनिल सिंह को एक ठेकेदार से 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोप है कि काम के एवज में यह रकम मांगी गई थी।
फिलहाल दोनों मामलों में आरोपियों से पूछताछ जारी है और एसीबी आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।



