रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व आबकारी मंत्री और बस्तर के वरिष्ठ आदिवासी कांग्रेस नेता कवासी लखमा ने जमानत मिलने के बाद कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से मुलाकात का सिलसिला शुरू कर दिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को वे रायपुर स्थित पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनके परिवारजनों से भी भेंट की।
भूपेश बघेल ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि उनके रायपुर निवास में परिवार के सदस्यों ने बस्तर के जननेता और आदिवासी समाज की मुखर आवाज कवासी लखमा का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए सभी एकजुट हैं और संघर्ष जारी रहेगा — “लड़ेंगे-जीतेंगे।”
इसके अलावा कवासी लखमा ने पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव से भी मुलाकात की। सिंहदेव ने सोशल मीडिया पर तस्वीर साझा करते हुए कहा कि आदिवासी समाज के अधिकारों और बस्तर की अस्मिता की रक्षा के लिए संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
वहीं नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत से भी लखमा ने सौजन्य भेंट की। महंत ने उन्हें जमानत मिलने पर बधाई देते हुए आगामी विधानसभा सत्र की तैयारी के लिए विधिक राय लेने की सलाह दी।




