Balod Road Accident : की एक दर्दनाक घटना जिले के लोहाराथाना क्षेत्र में सामने आई है, जहां एक सड़क हादसे में कार चालक व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा संबलपुर नर्सरी के पास उस समय हुआ, जब अचानक सामने आए एक कुत्ते को बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, व्यापारी भूपेंद्र गुप्ता अपने परिवार के साथ बालोद से देवरीपसौद स्थित घर लौट रहे थे। कार में उनकी पत्नी और दो छोटे बच्चे भी सवार थे। जैसे ही वाहन संबलपुर नर्सरी के पास पहुंचा, तभी अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। कुत्ते को बचाने के लिए चालक ने वाहन को मोड़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ गया और कार तेज गति में पलट गई।
हादसा इतना भीषण था कि कार चला रहे भूपेंद्र गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी और दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए कार के शीशे तोड़े और अंदर फंसे बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि घायल महिला राघोनवागांव स्थित शासकीय स्कूल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। फिलहाल महिला और दोनों बच्चों का इलाज अस्पताल में जारी है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई है।



