रायपुर। डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने अंतरराष्ट्रीय कोकीन तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को झटका देते हुए रायपुर एयरपोर्ट पर एक नाइजीरियन छात्र को गिरफ्तार किया है। आरोपी हेनरी टोकहूक्यू के पास से 245 ग्राम कोकीन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये है।
लगभग 180 दिनों की गहन रेकी और निगरानी के बाद यह कार्रवाई की गई। DRI को सूचना मिली थी कि कुछ विदेशी छात्र, खासकर निजी कॉलेजों में पढ़ने वाले, ड्रग्स की तस्करी में शामिल हैं। मार्च 2025 से इन छात्रों पर नजर रखी जा रही थी और जुलाई 2025 में हेनरी टोकहूक्यू का नाम संदिग्धों की सूची में शामिल हुआ।
जांच में पता चला कि हेनरी पिछले तीन साल से नवा रायपुर स्थित श्री रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी में BSW (बैचलर ऑफ सोशल वर्क) की पढ़ाई कर रहा था और यूनिवर्सिटी हॉस्टल में रहता था। पढ़ाई के बहाने भारत आया यह छात्र एक छोटा लेकिन संगठित ड्रग सिंडिकेट चला रहा था, जहां वह नाइजीरिया से कोकीन लाकर सीमित और भरोसेमंद ग्राहकों को सप्लाई करता था।
DRI ने उसके कुछ ग्राहकों से संपर्क कर जानकारी जुटाई और उसके मूवमेंट्स पर लगातार नजर रखी। 28 जनवरी 2026 को पुख्ता इनपुट मिलने पर एयरपोर्ट पर घेराबंदी की गई। आरोपी नाइजीरिया से लौटते समय कोकीन लेकर पहुंचा था। उसके बैग की तलाशी में कोकीन बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपने कुछ साथियों के नाम बताए हैं। DRI की टीम अब पूरे नेटवर्क की छानबीन कर रही है। संदेह है कि ड्रग्स रायपुर, भिलाई और संभवतः नागपुर तक सप्लाई की जा रही थीं। आरोपी का मोबाइल जब्त किया गया है, जिसमें चैट, कॉल रिकॉर्ड और ट्रांजेक्शन के सबूत मिले हैं। संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। रायपुर और छत्तीसगढ़ के विभिन्न विश्वविद्यालयों में 100 से अधिक विदेशी छात्र पढ़ रहे हैं, जिनमें से कुछ अन्य निजी यूनिवर्सिटीज के छात्र भी हेनरी के संपर्क में बताए जा रहे हैं। इनसे भी जांच एजेंसी पूछताछ कर सकती है। यह कार्रवाई रायपुर में ड्रग्स के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम का हिस्सा है। वर्ष 2025 में रायपुर पुलिस ने विदेशी ड्रग सिंडिकेट और पाकिस्तान से जुड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया था, जिसमें 271 मामलों में 445 आरोपी गिरफ्तार हुए और 2 करोड़ 78 लाख से अधिक की ड्रग्स जब्त की गई थीं।


