कबीरधाम। जिले के लोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराटोला गांव में दहेज विवाद ने एक युवती की जान ले ली। मृतका लोकेश्वरी साहू के मायके पक्ष का आरोप है कि उसके पति जोहन साहू ने पहले उसे बेरहमी से पीटा और फिर जहर पिलाकर उसकी हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद आरोपी पति ने लोकेश्वरी को लोहारा अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया, जहां इलाज के दौरान लोकेश्वरी को मृत घोषित कर दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर देने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पति जोहन साहू को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका के मायके पक्ष ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य भी इस घटना में शामिल थे और दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ना दी जा रही थी। मृतका के परिजनों का कहना है कि दहेज न मिलने पर पति और परिवार ने मिलकर लोकेश्वरी को जान से मार डाला।
लोहारा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिक जांच शुरू की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल ने बताया कि आरोपी पति के अलावा ससुराल के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर सभी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और न्याय की गुहार लगा रहे हैं। शव का पोस्टमार्टम पूरा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस आगे की जांच और कानूनी प्रक्रिया में जुटी हुई है।



