जांजगीर। जांजगीर-चांपा पुलिस ने शेयर बाजार और रियल स्टेट में निवेश के नाम पर 30 करोड़ रुपए की ठगी करने वाले आरोपी प्रमोद कुमार वैष्णव को गिरफ्तार किया है। आरोपी हर महीने 15% ब्याज का लालच देकर निवेशकों को फंसाता था।
प्रार्थी महेंद्र कुमार कश्यप ने अकलतरा थाना में शिकायत दर्ज कराई कि जून 2024 में आरोपी ने अपनी पहचान रियल स्टेट और शेयर मार्केट कारोबारी के रूप में दी और विश्वास में लेने के लिए इकरारनामा और 10 लाख रुपए का चेक दिया। प्रार्थी ने अपनी बेटी की शादी के लिए धान बेचकर जमा किए 10 लाख रुपए आरोपी को सौंप दिए। कुछ समय बाद आरोपी ने मोबाइल फोन बंद कर घर से फरार हो गया।
ये भी पढ़े :-रायपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब जब्त, दो गिरफ्तार
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने कौशल प्रसाद कश्यप से 10 लाख और हीरा लाल कश्यप से 5 लाख रुपए की ठगी की थी। सभी मामलों में आरोपी ने इकरारनामे और चेक दिए थे।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने कोरबा, जांजगीर-चांपा और बिलासपुर जिलों में लगभग 30 करोड़ रुपए की ठगी स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से दो कारें और पुत्र के नाम पर एक मोटर साइकिल समेत कुल 20 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई।
अकलतरा थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा और उनकी टीम ने इस कार्रवाई में अहम योगदान दिया। मामले में अन्य आरोपी अभी फरार हैं और उनकी तलाश जारी।



