रायपुर। जिले में रायपुर अवैध शराब कार्रवाई के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी सफलता हासिल की है। सचिव सह आबकारी आयुक्त आर. संगीता, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश और प्रभारी उपायुक्त आबकारी रायपुर राजेश शर्मा के मार्गदर्शन में अवैध मदिरा के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब जब्त की गई और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 09, गांधी वार्ड, पुरानी बस्ती (थाना तिल्दा) निवासी नंदकुमार धृतलहरे के निवास पर छापेमारी की गई। यहां से 42 पाव देशी मदिरा मसाला (शोले) अवैध रूप से रखी हुई पाई गई। इसी तरह ग्राम बुड़ेनी, थाना खरोरा निवासी प्रकाश पारधी के घर से 44 पाव देशी मदिरा मसाला (सवा शेरा) जब्त की गई। दोनों मामलों में कुल 15.48 बल्क लीटर देशी मदिरा बरामद की गई है।
इन दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। यह रायपुर अवैध शराब कार्रवाई अवैध शराब कारोबार पर सख्ती का साफ संकेत है।
इसी कड़ी में तिल्दा-खरोरा क्षेत्र में ओवररेटिंग की शिकायतों पर शासकीय मदिरा दुकान टंडवा की भी जांच की गई। जांच में निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर शराब बेचते पाए जाने पर विक्रेता करण रात्रे के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 39(ग) के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे तत्काल प्रभाव से सेवा से पृथक कर दिया गया।
उक्त सभी प्रकरणों का पंजीयन आबकारी उपनिरीक्षक मेधा मिश्रा और सिल्विया सुमन द्वारा किया गया। आबकारी विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध मदिरा और ओवररेटिंग से जुड़ी किसी भी शिकायत की सूचना तुरंत विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।



