बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में नेशनल हाइवे पर लूटपाट और हत्या की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। हत्या के एक मामले की जांच के दौरान मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने संगठित गिरोह तक पहुंच बनाई और एकसाथ दो मामलों में कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
यह भी पढ़े :- आज से नौ दिवसीय माघ गुप्त नवरात्रि शुरू, तंत्र-साधना का है विशेष पर्व
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह गिरोह नेशनल हाइवे और आसपास के पेट्रोल पंपों को निशाना बनाता था। सुनसान इलाकों में रात के समय आने-जाने वाले लोगों को रोककर लूटपाट की जाती थी। कई मामलों में पीड़ितों के साथ मारपीट की गई, जबकि एक वारदात में गिरोह ने एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इसी हत्या की तफ्तीश के दौरान पुलिस को गिरोह के नेटवर्क का पता चला।
जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह सिर्फ बिलासपुर तक सीमित नहीं था, बल्कि छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों में भी वारदातों को अंजाम दे चुका है। आरोपी पहले हाइवे पर वाहनों की रेकी करते थे और फिर मौका देखकर लूट की घटना को अंजाम देते थे। पेट्रोल पंपों पर रुकने वाले यात्रियों और वाहन चालकों को भी निशाना बनाया जाता था।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में से अधिकांश आदतन अपराधी हैं। इनके खिलाफ पहले से ही लूट, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने पूरे गिरोह की कड़ी जोड़ते हुए सफल कार्रवाई की है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है।



