लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद। महासमुंद जिले के बाद अब गरियाबंद में स्कूली परीक्षा को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मैनपुर विकासखंड में आयोजित अर्धवार्षिक परीक्षा के दौरान कक्षा चौथी के अंग्रेजी प्रश्न पत्र में भगवान राम के नाम के कथित अपमान का मामला सामने आया है। मामला सामने आते ही हिंदू संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
यह भी पढ़े :- भैंस के हमले से बुजुर्ग गंभीर घायल, सीसीटीवी फुटेज वायरल
आज विश्व हिंदू परिषद, अखिल भारतीय हिंदू परिषद, बजरंग दल और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी का पुतला दहन किया और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। इसके बाद थाने पहुंचकर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की शिकायत भी की गई।
बताया जा रहा है कि प्रश्न पत्र में शामिल एक सवाल को लेकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने का आरोप है। जैसे ही यह प्रश्न शिक्षकों और अभिभावकों की नजर में आया, मामला तेजी से तूल पकड़ गया। संगठनों का आरोप है कि प्रश्न पत्र तैयार करते समय न तो पर्याप्त सावधानी बरती गई और न ही धार्मिक संवेदनशीलता का ध्यान रखा गया।

हिंदू संगठनों ने शिक्षा विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है, इससे पहले महासमुंद जिले में भी इसी तरह का विवाद सामने आ चुका है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
फिलहाल प्रशासन द्वारा मामले की जांच की बात कही जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह केवल एक मानवीय भूल थी या गंभीर लापरवाही।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि
- छोटी कक्षाओं की परीक्षाओं में इतनी संवेदनशील चूक कैसे हो रही है?
- और क्या इस बार जिम्मेदारों पर वास्तव में कोई ठोस कार्रवाई होगी?



