कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शिक्षा विभाग ने युक्तियुक्तकरण प्रक्रिया के तहत अतिशेष घोषित शिक्षकों पर सख्त रवैया अपनाया है। पूरे शैक्षणिक सत्र बीत जाने के बावजूद नई पदस्थापना पर ज्वाइनिंग नहीं देने वाले 38 शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है। इनमें 29 महिला शिक्षक शामिल हैं।
शिक्षा विभाग ने स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता और संतुलित वितरण सुनिश्चित करने के लिए युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया चलाई थी। इस दौरान कई शिक्षक अतिशेष घोषित किए गए थे। विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सभी अतिशेष शिक्षक जुलाई 2025 तक अपनी नई पोस्टिंग पर अनिवार्य रूप से ज्वाइनिंग दें।

हालांकि, जनवरी 2026 तक भी कांकेर जिले के 39 शिक्षकों ने नई पदस्थापना पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया। विभाग की ओर से बार-बार नोटिस, चेतावनी और निर्देश जारी किए गए, लेकिन इनकी अवहेलना जारी रही। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए कांकेर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने 38 शिक्षकों के निलंबन के आदेश जारी कर दिए। एक शिक्षक के मामले में जांच जारी है।

इस कार्रवाई से जिले के शिक्षक समुदाय में हड़कंप मच गया है। कई शिक्षकों ने निजी कारणों, पारिवारिक समस्या या स्थानांतरण की मांग को लेकर ज्वाइनिंग टालने की बात कही है, लेकिन विभाग ने इसे किसी भी बहाने को स्वीकार नहीं किया।



