रायपुर। राजधानी के अमलीडीह इलाके में मारुति रेसिडेंसी के एक घर से दिल दहला देने वाली खबर आई। 18 वर्षीय युवती अमीना पटेल ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र की है और इससे पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, अमीना ने यह कदम तब उठाया जब कुछ घंटे पहले पुलिस उसकी मां खिली पटेल को पूछताछ के लिए थाने ले गई थी। परिजनों ने पुलिस की कार्रवाई को युवती की मौत का कारण बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मां को ले जाने से अमीना बेहद डर गई और मानसिक रूप से टूट गई।
जानकारी के मुताबिक, अमीना के पिता महेंद्र पटेल पर साल 2022 में मंदिर हसौद थाने में नारकोटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है। कोर्ट पेशी के लिए उनके खिलाफ चार बार वारंट जारी हो चुके हैं, लेकिन हर बार नोटिस मिलते ही वे फरार हो जाते थे। इसी सिलसिले में मंदिर हसौद पुलिस ने बुधवार को उनकी पत्नी खिली पटेल को पूछताछ के लिए महिला थाने ले गई।
पुलिस के जाने के कुछ ही देर बाद अमीना ने घर के कमरे में दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। समय करीब डेढ़ से पौने दो बजे का था। घटना की सूचना मिलते ही पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से उतारा और फौरन मेडिशाइन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अमीना अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम किया और जांच शुरू कर दी है। परिजनों और स्थानीय लोगों में गुस्सा है कि पुलिस की सख्ती से एक युवा जिंदगी चली गई। इस घटना ने पुलिस कार्रवाई के दौरान मानवीय पहलू और उसके संभावित परिणामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को देखा जाएगा।



