जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में धान खरीदी व्यवस्था में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ है। खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान धान खरीदी केंद्र कोनपारा में 6 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक की अनियमितता सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक मर्यादित (अपेक्स बैंक) जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
यह भी पढ़े :- मुंगेली में शिक्षा व्यवस्था शर्मसार: शराब के नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, वीडियो वायरल होते ही निलंबन
मामले में धान खरीदी केंद्र के प्राधिकृत अधिकारी सहित कुल 6 अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने उपकेंद्र के फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव (39 वर्ष), निवासी ग्राम झारमुंडा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
20,586 क्विंटल धान गायब, रिकॉर्ड और हकीकत में भारी अंतर
अपेक्स बैंक के नोडल अधिकारी राम कुमार यादव (61 वर्ष) की रिपोर्ट के अनुसार, आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित, कोनपारा के धान खरीदी उपकेंद्र में वर्ष 2024-25 के दौरान 1,61,250 क्विंटल धान खरीदी दिखायी गई, जबकि मिलों और संग्रहण केंद्रों को केवल 1,40,663.12 क्विंटल धान ही भेजा गया।
इस तरह 20,586.88 क्विंटल धान की भारी कमी सामने आई, जिसने पूरे सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
संयुक्त जांच में घोटाले की पुष्टि
संयुक्त जांच दल द्वारा किए गए भौतिक सत्यापन में मौके पर धान उपलब्ध नहीं मिला और रिकॉर्ड के अनुरूप गंभीर वित्तीय अनियमितताओं की पुष्टि हुई। जांच में प्रति क्विंटल 3,100 रुपये की दर से धान की कीमत 6 करोड़ 38 लाख 19 हजार 328 रुपये आंकी गई।
इसके अलावा धान पैकिंग में उपयोग किए गए 4,898 नग बारदाने (नए व पुराने) की कीमत 17 लाख 07 हजार 651 रुपये बताई गई। इस तरह शासन को कुल 6 करोड़ 55 लाख 26 हजार 979 रुपये की आर्थिक क्षति होना पाया गया।
इन अधिकारियों पर दर्ज हुआ अपराध
पुलिस ने इस मामले में
- भुनेश्वर यादव (प्राधिकृत अधिकारी),
- जयप्रकाश साहू (समिति प्रबंधक),
- शिशुपाल यादव (फड़ प्रभारी),
- जितेंद्र साय (कंप्यूटर ऑपरेटर),
- अविनाश अवस्थी (सहायक फड़ प्रभारी) और
- चंद्र कुमार यादव (उप सहायक फड़ प्रभारी)
के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 320, 336, 338 और 61 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
SSP का बयान: जल्द होंगी और गिरफ्तारियां
एसएसपी शशिमोहन सिंह ने बताया कि अपेक्स बैंक जशपुर के नोडल अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर FIR दर्ज की गई है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश लगातार जारी है। पुलिस ने दावा किया है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।



