बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में माओवादियों की कायरतापूर्ण कार्रवाई एक बार फिर सामने आई है। कोरचोली नदीपारा गांव का 15 वर्षीय बालक राम पोटाम नक्सलियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED विस्फोट की चपेट में आ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके दोनों पैरों में गहरी चोटें आई हैं।
यह भी पढ़े :- रायपुर में हिट एंड रन: भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह के बेटे लक्की सिंह हिरासत में, तीन फरार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राम पोटाम (पिता स्व. लच्छु पोटाम) मंगलवार सुबह लेंड्रा-कोरचोली जंगल क्षेत्र में घूमने गया था। इसी दौरान पहले से प्लांट किए गए प्रेशर IED में जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना सुरक्षा बलों को दी।
सूचना मिलते ही सीआरपीएफ की 222 बटालियन के जवान तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। घायल बालक को रेस्क्यू कर कोरचोली कैंप लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया।
नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बल लगातार सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं और माओवादियों द्वारा लगाए गए IED को खोजकर निष्क्रिय कर रहे हैं, ताकि ग्रामीणों और जवानों की जान सुरक्षित रह सके। इसके बावजूद नक्सली जंगलों और गांवों के आसपास बड़ी संख्या में IED बिछा रहे हैं, जिनकी चपेट में आकर अब तक कई निर्दोष ग्रामीण और सुरक्षाबल के जवान घायल व शहीद हो चुके हैं।



