रायपुर। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड अब जानलेवा होती जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड और बढ़ने की आशंका है।
यह भी पढ़े :- नक्सली कमांडर बारसे देवा का समर्पण: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया स्वागत, कहा नक्सलवाद धीरे-धीरे खत्म हो रहा है
मौसम विभाग ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और कोहरे के आसार बने हुए हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश और आसपास बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी के रूप में देखने को मिल सकता है।
तापमान का हाल
पिछले 24 घंटों में प्रदेश का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।
अंबिकापुर में ठंड से दूसरी मौत
इसी बीच अंबिकापुर से लगे श्रीगढ़ क्षेत्र में नए साल की रात एक बुजुर्ग की ठंड से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग कम कपड़ों में खुले स्थान पर सो रहे थे, जिससे वे हाइपोथर्मिया की चपेट में आ गए। सुबह उनका शव अकड़ी अवस्था में मिला।
अंबिकापुर में ठंड से मौत का यह दूसरा मामला है। इससे पहले 11 दिसंबर की रात अंबिकापुर बस स्टैंड परिसर में खुले में सो रहे एक व्यक्ति की भी ठंड के कारण मौत हो चुकी है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अत्यधिक ठंड को देखते हुए खासकर बुजुर्गों, बच्चों और खुले में रहने वालों के प्रति सतर्कता बरती जाए।



