रायपुर | राजधानी रायपुर में नए साल के पहले ही दिन तेज रफ्तार ने एक बार फिर खून से सड़क लाल कर दी। तेलीबांधा थाना क्षेत्र के वीआईपी रोड पर बेकाबू बोलेरो कार ने पहले एक स्विफ्ट डिजायर को टक्कर मारी और फिर सामने से आ रहे ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि ई-रिक्शा चालक का एक पैर कटकर अलग हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़े :- उपमुख्यमंत्री अरुण साव के निजी स्टाफ में बड़ा फेरबदल, OSD विपुल गुप्ता हटाए गए, अजय त्रिपाठी की एंट्री
तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि बोलेरो कार तेज रफ्तार में थी। चालक ने नियंत्रण खो दिया और पहले पीछे से स्विफ्ट डिजायर को टक्कर मार दी। इसके बाद भी कार नहीं रुकी और अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ई-रिक्शा से जा भिड़ी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। चालक का पैर केबिन में फंस गया और जोरदार झटके के कारण वह कटकर अलग हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रधान आरक्षक तरुण यादव और आरक्षक जे.एस. चंद्रवंशी ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल ई-रिक्शा चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घायल को समय पर इलाज मिल सका।

हादसे के कारण वीआईपी रोड पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा और लंबा जाम लग गया। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर ट्रैफिक सामान्य कराया।
पुलिस ने बोलेरो, स्विफ्ट डिजायर और ई-रिक्शा—तीनों वाहनों को जब्त कर लिया है। बोलेरो चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।



