धमतरी। धमतरी जिले से एक चिंताजनक घटना सामने आई है, जहां पोटीयाडीह गांव में खेल रही 5 साल की बच्ची प्रियांशी साहू पर आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में बच्ची के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।
यह भी पढ़े :- जेपी नड्डा के जांजगीर दौरे से पहले भाजपा अलर्ट मोड में, जनसभा की तैयारी तेज
जानकारी के अनुसार, बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी कि तभी आवारा कुत्ता उस पर झपट पड़ा और काट लिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्ते को भगाया।
घटना के तुरंत बाद बच्ची को धमतरी जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी स्थिति गंभीर देख उसे रायपुर रेफर कर दिया। फिलहाल उसका इलाज रायपुर में जारी है।
इस घटना के बाद पोटीयाडीह गांव और आसपास के इलाके में लोगों में दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या लंबे समय से बढ़ रही है, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने प्रशासन से तत्काल कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।



