एमसीबी। जिले के चिरमिरी नगर निगम क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामूली बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे ने अपनी ही मां की हत्या कर डाली। चाय बनाने से इनकार करने पर आरोपी पुत्र ने फरसे से कई वार कर मां का गला काट दिया। वारदात के बाद वह खुद पोड़ी थाना पहुंचा और अपराध की जानकारी दी।
यह भी पढ़े :- तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को कुचला, युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत
ऐसे हुई वारदात
वार्ड क्रमांक-1, ग्राम लामीगोड़ा निवासी अर्जुन सिंह (34) ने थाने में पहुंचकर बताया कि सुबह उठने के बाद उसने अपनी मां शांति बाई (65) से चाय बनाने को कहा। मां के इनकार करने पर वह गुस्से से आगबबूला हो गया और घर में रखे लोहे के फरसे से लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी। मौके पर ही शांति बाई की मौत हो गई।
हत्या के बाद थाने पहुंचा आरोपी
घटना को अंजाम देने के बाद अर्जुन सीधे पोड़ी थाना पहुंचा और पूरी घटना बताई। पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लिया। पूछताछ में अर्जुन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल फरसा भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने बताया कि 10 दिसंबर को घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर भेजी गई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मामूली विवाद पर आरोपी अत्यंत आक्रोशित हो गया था और गुस्से में हत्या कर बैठा। पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



