दुर्ग। भिलाई के कल्याण पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में मंगलवार को NSUI कार्यकर्ताओं ने जमकर उपद्रव मचाया। प्रदर्शनकारियों ने प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा के साथ धक्का-मुक्की की, उन्हें अपमानित किया और जूते की माला पहनाने की कोशिश की। गुस्साए कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में घुसकर सरकारी दस्तावेज फाड़े और कई महत्वपूर्ण कागजात नष्ट करने का प्रयास किया। इससे पूरा कॉलेज परिसर कई घंटों तक हंगामे की भेंट चढ़ा रहा।
यह भी पढ़े :- नवागांव में भूमि विवाद: हाईवे जाम, तनाव बढ़ा
हंगामे की वजह चार महीने पुराना मामला बताया जा रहा है, जिसमें कॉलेज की एक महिला कर्मचारी ने प्राचार्य पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया था। इसी मुद्दे को लेकर NSUI के प्रदेश महासचिव आकाश कनौजिया के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे और प्रदर्शन के नाम पर तोड़फोड़ व मारपीट पर उतर आए।
कॉलेज प्रशासन ने घटना को बेहद गंभीर मानते हुए आकाश कनौजिया सहित सात नामजद कार्यकर्ताओं के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आकाश कनौजिया (NSUI प्रदेश महासचिव),दीपक पाल,आनंद यदु,नितेश गुप्ता आशीष कालो,भौमिक पटेल,अंशुल शर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।



