जगदलपुर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा क्षेत्र में सुरक्षा बलों को माओवादी गतिविधियों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली है। गढ़चिरौली पुलिस से मिली सूचना के बाद विशेष अभियान टीम ने वांगेटूर थाना क्षेत्र के मचुवांचा जंगल में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटक सामग्री का डंप बरामद किया गया।
जमीन के नीचे छिपाकर रखा था हथियारों का जखीरा
पुलिस टीम ने सर्चिंग के दौरान छिपाए गए सामान को बरामद कर जब्त किया। बरामद सामग्री में 1 बैरल बोर राइफल, 3 सिंगल शॉट राइफल और 1 एयरगन शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस को वायरलेस उपकरण और माओवादी वर्दी का कपड़ा भी मिला है।
सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों को 100 सुतली बम भी बरामद हुए। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विस्फोटक सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
विशेष टीमों ने मिलकर चलाया ऑपरेशन
इस कार्रवाई में पुलिस की विशेष अभियान टीम, इंटेलिजेंस सेल और बीडीडीएस टीम शामिल रही। खुफिया सूचना के आधार पर जंगल में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके बाद जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए डंप का पता चला।
सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को सीमा क्षेत्र में माओवादी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के लिहाज से अहम माना जा रहा है। फिलहाल बरामद सामग्री को लेकर पुलिस आगे की जांच कर रही है।




