कवर्धा : मंगलवार को कारोबारी अपने साथी के साथ दलदली के साप्ताहिक बाजार से बाइक पर सोना-चांदी से भरा बैग लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार 6 बदमाशों ने उन्हें ग्राम दुर्जनपुर में मंदिर के पास रोका और मारपीट कर बैग लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित ने तरेगांव जंगल थाने में शिकायत दर्ज कराई है। लूट के दौरान बदमाश बैग लेकर फरार हो गए, जबकि बैग का पट्टा कारोबारी के हाथ में ही रह गया। उनके मुताबिक, बैग में करीब 15 किलो चांदी, 10 से 15 ग्राम सोने के गहने और 1.50 लाख रुपए नकद थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बाजार से लौटते समय बदमाशों ने रोका
कारोबारी वेदप्रकाश सोनी ने बताया कि वे अपने साथी नरेंद्र पाटस्कर के साथ दलदली के साप्ताहिक बाजार से शाम 5:35 बजे निकले थे। शाम 6 बजे उन्होंने थाने को पार किया।
करीब एक घंटे बाद ग्राम दुर्जनपुर में मंदिर के पास दो बाइक पर सवार 6 बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। मारपीट के बाद बदमाश ज्वेलरी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
बैग में थे चांदी के गहने और नकदी
वेदप्रकाश सोनी के मुताबिक, लूटे गए बैग में करीब 15 किलो चांदी के गहने, 10 से 15 ग्राम सोने के गहने और 1.50 लाख रुपए नकद रखे थे। कारोबारी ने लूटे गए सामान की कुल कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई है।




