Cyclone Arnab Raipur : चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए रायपुर जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर जिले के सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है। संभावित भारी बारिश, तेज हवाओं और जलभराव की आशंका को देखते हुए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन ने आम लोगों की सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष का हेल्पलाइन नंबर 0771-2413233 भी जारी किया है।
यह भी पढ़े :- CG Weather Alert: छत्तीसगढ़ में चक्रवात अर्नब का असर, 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश की चेतावनी; कई जिलों में स्कूल बंद
जिला प्रशासन की ओर से ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को मौसम की संभावित स्थिति के प्रति जागरूक किया जा रहा है। नागरिकों से तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और भारी बारिश के दौरान सावधानी बरतने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
राजस्व से लेकर बिजली विभाग तक अलर्ट
संभावित आपदा से निपटने के लिए राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य, नगरीय निकाय, पंचायत और विद्युत विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अग्निशमन दलों को भी आवश्यक संसाधनों के साथ तैयार रहने को कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू किए जा सकें। (Cyclone Arnab Raipur)
प्रशासन ने नदी-नालों, तालाबों, निचले इलाकों और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था और जर्जर भवनों की स्थिति की समीक्षा करने पर जोर दिया गया है। तेज हवाओं से पेड़ों, कमजोर संरचनाओं और विद्युत लाइनों को होने वाले संभावित नुकसान को देखते हुए भी एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं।
मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर
मौसम विभाग से मिलने वाले पूर्वानुमान और चेतावनियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। जिला प्रशासन ने नियंत्रण कक्षों को सक्रिय रखने और संबंधित अधिकारियों के बीच त्वरित सूचना का आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में समय रहते कार्रवाई करना और प्रभावित लोगों तक जल्द सहायता पहुंचाना है।
प्रशासन की अपील: खराब मौसम में घर से निकलने से बचें
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम खराब होने पर अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। नदी-नालों, तालाबों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें। आकाशीय बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें।
प्रशासन ने लोगों को अफवाहों से दूर रहने और मौसम संबंधी जानकारी के लिए केवल अधिकृत माध्यमों पर भरोसा करने की सलाह दी है।
आपात स्थिति में इस नंबर पर करें संपर्क
चक्रवात के संभावित प्रभाव के मद्देनजर रायपुर जिला प्रशासन ने नागरिकों की सहायता के लिए नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 0771-2413233 जारी किया है। जरूरत पड़ने पर इस नंबर पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी और सहायता प्राप्त की जा सकती है।
प्रशासन के मुताबिक, नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहते हुए आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्य समय पर किए जा सकें। (Cyclone Arnab Raipur)




