बालोद। सिंचाई कॉलोनी क्षेत्र में युवती पर हुए एसिड अटैक का पुलिस ने 8 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में युवती के कथित प्रेमी यश कुमार सोनकर (20) और उसके दोस्त करण कुंजाम (20) को गिरफ्तार किया है। दोनों पर युवती पर एसिड फेंकने की साजिश रचने और वारदात को अंजाम देने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को युवती लाइब्रेरी से घर लौट रही थी। इसी दौरान करण ने उस पर एसिड फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से झुलसी युवती को परिजनों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
पूछताछ में यश ने कथित तौर पर बताया कि युवती के किसी अन्य युवक से संबंध होने और शादी के लिए तैयार नहीं होने से वह नाराज था। पुलिस के अनुसार, उसने करीब तीन महीने पहले अपने स्कूल फ्रेंड करण के साथ मिलकर एसिड अटैक की योजना बनाई थी। दोनों ने 27 सितंबर को एसिड खरीदा और गणेश झांकी के दौरान हमला करने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था के कारण योजना सफल नहीं हो सकी।
इसके बाद 5 अक्टूबर को यश के कहने पर करण ने युवती पर एसिड फेंका। वारदात के बाद करण तांदुला बांध की ओर भागा और वहां से लिफ्ट लेकर चारामा पहुंचा। पुलिस ने उसकी तलाश करते हुए उसे कोंडागांव से हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में इस्तेमाल एसिड और वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। दोनों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने बताया कि एसिड दुर्ग से खरीदा गया था, इसलिए उसे बेचने वाले की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी बीजापुर में साथ पढ़ते थे और इसी दौरान उनकी दोस्ती हुई थी। एसपी ने बताया कि घटना में दोस्ती की कसम देकर करण को वारदात के लिए तैयार किए जाने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने लोगों से महिलाओं और युवतियों को धमकी देने या परेशान करने जैसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।




