कोंडागांव। तीन सूत्रीय मांगों को लेकर सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ने शनिवार को कोंडागांव में बड़ा प्रदर्शन किया। समाज के लोगों ने शहर में रैली निकाली, जिसके बाद करीब 12 हजार लोग विकास नगर स्टेडियम में आयोजित आंदोलन में शामिल हुए। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए और जगह-जगह बैरिकेडिंग की।
प्रदेशभर में सर्व पिछड़ा वर्ग समाज की ओर से मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन किया जा रहा है। आंदोलन के दूसरे चरण के तहत शनिवार को कोंडागांव में कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाज के लोगों ने रैली के जरिए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की और सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की।
क्या हैं तीन प्रमुख मांगें?
27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग
पेसा कानून में पिछड़ा वर्ग को शामिल करने की मांग
जातिगत जनगणना के सर्वे फॉर्म में पिछड़ा वर्ग के लिए अलग कॉलम और कोड की मांग
सर्व पिछड़ा वर्ग समाज के संभागीय अध्यक्ष तरुण सिंह ने कहा कि अपने अधिकारों और समाज के सर्वांगीण विकास से जुड़ी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में लोग कोंडागांव पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि समाज की प्रमुख मांगों में 27 प्रतिशत आरक्षण, पेसा कानून में शामिल किए जाने के साथ जातिगत जनगणना के सर्वे फॉर्म में अलग कॉलम और कोड शामिल करना प्रमुख है।
उन्होंने बताया कि आंदोलन के पहले चरण में कांकेर में प्रदर्शन किया गया था। दूसरे चरण में कोंडागांव में आंदोलन किया गया है, जबकि आगामी चरण में सुकमा में आंदोलन प्रस्तावित है। इसके बाद संभागवार चरणबद्ध तरीके से आंदोलन आगे बढ़ाने की बात कही गई है।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। वहीं, प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बल तैनात किए और आयोजन स्थल के आसपास बैरिकेड्स लगाए।




