रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कारोबारी के अपहरण का मामला सामने आया है। प्रतीक राय को डीएम टावर के पास से काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार तीन लोगों द्वारा कथित तौर पर जबरन ले जाने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है। घटना के बाद से कारोबारी का मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, घटना 2 अक्टूबर को दोपहर करीब 2:28 बजे की है। प्रतीक राय खाना खाने के लिए डीएम टावर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें बातचीत के बहाने नीचे बुलाया। आरोप है कि नीचे पहुंचते ही उन्हें जबरन स्कॉर्पियो में बैठाया गया और वाहन वहां से रवाना हो गया।
काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर उनकी पत्नी अनिता राय ने खमतराई थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपहरण का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के आधार पर UP 32 RR 7454 नंबर की स्कॉर्पियो को जांच का अहम आधार बनाया गया है।
पुलिस को कॉलोनी के एक युवक से तीन संदिग्धों में से दो के मोबाइल नंबर भी मिले हैं। पुलिस वाहन नंबर, मोबाइल नंबर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और कारोबारी की तलाश कर रही है।
फिलहाल प्रतीक राय को किन कारणों से और किसने अपहरण किया, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस कारोबारी की तलाश के साथ घटना के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है।




