रायपुर : कोरबा जिले के ग्राम पाली पढ़निया में देर रात एक दुर्लभ एवं संरक्षित वन्यजीव भारतीय पैंगोलिन (कहट) के घर के आंगन में पहुंचने की सूचना प्राप्त हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात्रि लगभग 12:30 बजे ग्राम निवासी रामरतन सिंह कंवर के घर के आंगन में पैंगोलिन विचरण करता हुआ दिखाई दिया।
पैंगोलिन को देखकर परिवार के सदस्यों एवं ग्रामीणों में दहशत उत्पन्न हुआ,लेकिन उन्होंने वन्यजीव को पकड़ने अथवा नुकसान पहुंचाने के बजाय तत्काल वन विभाग को सूचना दी।
ग्रामीणों की इस जागरूकता एवं संवेदनशीलता से वन्यजीव की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी।
वन विभाग एवं रेस्क्यू टीम द्वारा आवश्यक सावधानियां बरतते हुए पैंगोलिन का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू के दौरान वन्यजीव को किसी भी प्रकार की चोट अथवा क्षति न पहुंचे, इसका विशेष ध्यान रखा गया।
विभागीय प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत पैंगोलिन को उपयुक्त प्राकृतिक रहवास क्षेत्र में सुरक्षित रूप से छोड़ने की कार्रवाई की गई।




