रायपुर। कांग्रेस नेता को कथित तौर पर गैंग के नाम पर धमकाकर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। रायपुर की CJM अदालत ने पुलिस को आरोपी को दोबारा गिरफ्तार करने की अनुमति दे दी है। अदालत की अनुमति के बाद पुलिस अब उसकी तलाश में जुट गई है।
यह भी पढ़े :- पहले पीटा, फिर पट्टे से घोंटा गला… फंदे पर लटकाकर रची आत्महत्या की कहानी, तीन गिरफ्तार
मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को शिकायतकर्ता आनंदमल कुकरेजा के मोबाइल फोन पर विदेशी नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरे संदेश आए थे। संदेशों में कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की मांग की गई थी। रकम नहीं देने पर शिकायतकर्ता, उसके बेटे और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
शिकायत के बाद तेलीबांधा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने मामले की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रविवार को शोएब ढेबर को हिरासत में लिया था। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से मामले से जुड़े बताए जा रहे पांच आईफोन बरामद किए, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।
आरोपी को इसके बाद रिमांड कोर्ट में पेश किया गया था। वहां गिरफ्तारी की सूचना परिवार के उचित सदस्य को नहीं दिए जाने से संबंधित प्रक्रिया को लेकर उसे स्वतंत्र करने की अनुमति दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले को नियमित अदालत के समक्ष रखा और शोएब ढेबर की दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति मांगी।
मंगलवार को CJM कोर्ट ने पुलिस की अर्जी स्वीकार करते हुए दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति दे दी। अब पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। जांच एजेंसियां धमकी भरे संदेशों, इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और कथित गैंग कनेक्शन से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी की दोबारा गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में धमकी और रंगदारी मांगने के पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकता है।




