सुकमा। ऐर्राबोर पोटाकेबिन में पहली कक्षा की छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। मेटटागुड़ा निवासी छात्रा मड़कम देवे की तबीयत कई दिनों से खराब थी। गंभीर हालत में उसे परिजन छात्रावास से घर लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। मामले में परिजनों ने छात्रावास अधीक्षिका पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़े :- पहले छोड़ा गया, अब फिर गिरफ्तारी की तैयारी! 25 करोड़ रंगदारी केस में शोएब ढेबर पर शिकंजा
जानकारी के मुताबिक, छात्रा कोंटा विकासखंड के ऐर्राबोर पोटाकेबिन में पढ़ाई कर रही थी। पिछले कुछ दिनों से उसकी तबीयत खराब थी। सूचना मिलने के बाद परिजन 27 सितंबर को उसे लेने छात्रावास पहुंचे। उस समय छात्रा की हालत गंभीर बताई गई। क्षेत्र में बाढ़ के कारण रास्ता बाधित होने से परिजन उसे तत्काल घर नहीं ले जा सके।
बाद में गंभीर हालत में छात्रा को घर लाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में छात्रावास प्रबंधन और अधीक्षिका के खिलाफ नाराजगी है। उनका आरोप है कि बच्ची की बिगड़ती तबीयत को समय रहते गंभीरता से नहीं लिया गया और इलाज में लापरवाही बरती गई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। इसके लिए जांच टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर छात्रा की मौत के कारणों और छात्रावास प्रबंधन की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट होगी।




