गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला के अमरकंटक चौक के पास सड़क पर जन्मदिन समारोह आयोजित कर यातायात बाधित करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने भाजयुमो के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे ‘सिद्धू’ समेत तीन नामजद लोगों और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया।
यह भी पढ़े :- ध्वजारोहण विवाद कोर्ट पहुंचा, अजय चंद्राकर ने सुप्रिया-नेहा के खिलाफ दायर किया मानहानि केस
पुलिस के मुताबिक घटना 18 सितंबर 2026 की है। भाजयुमो के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे ‘सिद्धू’ का जन्मदिन अमरकंटक चौक के पास सड़क पर मनाया गया था। समारोह के लिए सड़क पर मंच तैयार किया गया था। ढोल-ताशों और लोगों की भीड़ के चलते काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। इस दौरान सड़क से गुजरने वाले कार और बाइक सवारों को जाम का सामना करना पड़ा।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गौरेला पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया। वीडियो की जांच के आधार पर पुलिस ने आयोजन में शामिल मुख्य लोगों की पहचान की। इसके बाद सिद्धार्थ दुबे ‘सिद्धू’, मौसम ताम्रकार और ऋतुराज अग्रवाल समेत अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 285 और धारा 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में रखी गई है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग पर बिना अनुमति भीड़ जुटाकर यातायात बाधित करने और आम लोगों की सुरक्षा एवं आवागमन प्रभावित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे की वैधानिक जांच जारी है।




