गरियाबंद। जिले के पीपरछेड़ी थाना क्षेत्र के हाटमहुआ गांव में तेंदुए के हमले में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला देर रात शौच के लिए घर से बाहर निकली थी। इसी दौरान घर के पास घात लगाए तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़े :- चेन स्नैचिंग का खुलासा, BTech छात्र और छात्रा गिरफ्तार; बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे निशाना
मृतका की पहचान उकरी बाई भुंजिया, पति जोहर सिंह भुंजिया के रूप में हुई है। उनकी उम्र को लेकर अलग-अलग जानकारी सामने आ रही है। प्रारंभिक जानकारी में उम्र करीब 70 से 80 वर्ष बताई जा रही है।
गांव से करीब एक किलोमीटर दूर मिला शव
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। महिला के लापता होने पर ग्रामीणों ने आसपास तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद महिला का शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर मिला। ग्रामीणों के मुताबिक, शव पर तेंदुए के हमले के निशान भी मिले हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के इलाके में तेंदुए की तलाश शुरू की।
वन विभाग ने शुरू की जांच
समाजसेवी भीम निषाद भी मौके पर पहुंचे और अपनी एंबुलेंस से महिला के शव को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
वन विभाग की टीम तेंदुए की मौजूदगी और हमले की परिस्थितियों की जांच कर रही है। घटना के बाद हाटमहुआ और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और तेंदुए को लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।




