सूरजपुर। जिले के भटगांव थाना क्षेत्र में 11वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा का आपत्तिजनक वीडियो बनाया और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता रहा। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की।
यह भी पढ़े :- टाटा पावर को बिजली वितरण लाइसेंस देने के खिलाफ विकास उपाध्याय ने लगाई याचिका
पुलिस के अनुसार, छात्रा के परिजनों ने शिकायत में आरोप लगाया कि शिक्षक ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इसके बाद आपत्तिजनक वीडियो के जरिए उसे धमकाया और कथित तौर पर कई बार उसका शारीरिक शोषण किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
घटना के सामने आने के बाद स्कूलों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अभिभावकों की ओर से भी स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर चिंता जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




