कांकेर। जिले के अंतागढ़ के पास कुहचे गांव स्थित SSB कैंप में एक जवान ने सर्विस रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी हवलदार आनंद प्रकाश तिवारी के रूप में हुई है। घटना के बाद कैंप में हड़कंप मच गया। पुलिस और संबंधित अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं।
यह भी पढ़े :- महिला मित्र से मिलने पहुंचना पड़ा भारी, तीन युवकों ने युवक को बेरहमी से पीटा, मौत
जानकारी के मुताबिक, आनंद प्रकाश तिवारी कुहचे स्थित SSB कैंप में हवलदार के पद पर तैनात थे। सोमवार को अज्ञात कारणों के चलते उन्होंने अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही SSB के अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर रवाना किया गया है।
फिलहाल जवान ने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े कारणों और अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।




