रायपुर। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आरंग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक आर्टिका कार से 160 पाव देशी मसाला शराब बरामद करते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपियों में सरकारी शराब दुकान का सुपरवाइजर, सेल्समेन और मल्टी वर्कर के अलावा एक सरकारी शिक्षक भी शामिल है।
यह भी पढ़े :- SSB कैंप में जवान ने खुद को गोली मारी, मौके पर मौत
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की आर्टिका कार CG 04 QB 5200 में गुल्लू स्थित शराब दुकान से बड़ी मात्रा में शराब भरकर रानीसागर की ओर अवैध बिक्री के लिए ले जाई जा रही है। सूचना पर आरंग पुलिस ने रानीसागर स्थित हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी कर कार को रोक लिया।
तलाशी के दौरान कार से 160 पाव देशी मसाला शराब, कुल 28.800 बल्क लीटर, जिसकी कीमत करीब 16 हजार रुपए बताई गई है, बरामद हुई। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल आर्टिका कार भी जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपए है। शराब और वाहन समेत कुल जब्ती करीब 8.16 लाख रुपए की बताई गई है।
शराब दुकान के कर्मचारी भी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में उबारन दास पुरेना (34), गुल्लू शराब दुकान का सुपरवाइजर; सुरेश बांधे (36), मल्टी वर्कर; राजेश काटले (31), सेल्समेन; तिरीत राम बांधे (45), अमोदी में शिक्षक; भरत रात्रे (38), वाहन चालक; दिलीप कुमार कुर्रे (50) और भागवत बारले (38) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने शराब को अवैध बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया है। सभी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
थाना प्रभारी नरेश साहू के मुताबिक, सरकारी शराब दुकान से जुड़े कर्मचारियों द्वारा ही कथित तौर पर शराब की अवैध सप्लाई किए जाने का मामला सामने आया है। इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और शराब कहां-कहां खपाई जानी थी, इसकी जांच की जा रही है।




