रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में महिला मित्र से मिलने पहुंचे 35 वर्षीय युवक की तीन युवकों ने कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट कर हत्या कर दी। गंभीर चोट लगने के बाद युवक की तबीयत बिगड़ गई।
यह भी पढ़े :- गणेश चतुर्थी आज: घर-घर विराजेंगे बप्पा, जानें स्थापना का शुभ मुहूर्त और पूजा विधि
परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम में हेड इंजरी के कारण हेमरेजिक शॉक को मौत की वजह बताया गया है। मामले में जूटमिल पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि तीसरा आरोपी फरार है।
महिला मित्र से मिलने पहुंचा था युवक
पुलिस के मुताबिक, सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा सेठ्ठी (35) 8 सितंबर की रात ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले राजू महंत उर्फ संजय महंत, कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव और धन्नू निषाद ने उसे वहां आने से मना किया। इसी बात को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि तीनों युवकों ने एक राय होकर शिवा के साथ हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से मारपीट की। उसे जमीन पर पटककर भी पीटा गया। मारपीट में शिवा को गंभीर चोटें आईं।
घर पहुंचने के बाद बिगड़ी तबीयत
मारपीट के बाद शिवा किसी तरह वहां से निकलकर अपने दोस्त के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। प्राथमिक उपचार कराने के बाद वह घर चला गया। घर पहुंचने के कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल रायगढ़ लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम किया। घटनास्थल जूटमिल थाना क्षेत्र में होने के कारण मर्ग डायरी जूटमिल पुलिस को भेजी गई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और प्रत्यक्षदर्शियों तथा बीच-बचाव करने वाले लोगों के बयान दर्ज किए।
पोस्टमार्टम में हेड इंजरी से मौत की पुष्टि
जांच के दौरान गवाहों ने पुलिस को बताया कि तीनों आरोपियों ने शिवा के साथ मारपीट की थी। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में डॉक्टर ने हेड इंजरी के कारण हेमरेजिक शॉक को मृत्यु का कारण बताया। पुलिस जांच में मारपीट से आई गंभीर चोटों को मौत का कारण पाए जाने के बाद 12 सितंबर को जूटमिल थाने में अपराध क्रमांक 540/2026 दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जेल से रिहाई के दौरान दो आरोपी पकड़े गए
मामले की गंभीरता को देखते हुए जूटमिल थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि राजू महंत और कृष्णा साव पहले की एक कार्रवाई में जिला जेल रायगढ़ में बंद थे और जल्द रिहा होने वाले हैं।
पुलिस टीम ने जेल परिसर के बाहर दोनों आरोपियों को उनके परिजनों के साथ रोककर पूछताछ के लिए थाने लाया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और मेमोरेंडम के दौरान दोनों ने अपने साथी धन्नू निषाद के साथ मिलकर शिवा से मारपीट करना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को 12 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
तीसरे आरोपी की तलाश जारी
मामले का तीसरा आरोपी धन्नू निषाद अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।




