सूरजपुर। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक महिला पर उसके पति द्वारा टंगिया से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में महिला के सिर पर गंभीर चोट आई। अस्पताल ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़े :- उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मुड़घुसरी में 1.48 करोड़ रुपए के तीन सड़क का किया भूमिपूजन
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोप है कि पति ने गुस्से में टंगिया से पत्नी पर हमला कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद महिला को इलाज के लिए रामानुजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी फरार
घटना की सूचना मिलते ही रामानुजनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की है।
पुलिस घटना के कारणों और पति-पत्नी के बीच हुए विवाद की जानकारी जुटा रही है। वहीं फरार आरोपी पति की तलाश भी की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




