रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच प्रस्तावित बहस की तारीख को लेकर इंतजार जारी है। इसी बीच भाजपा ने सोशल मीडिया पर नया पोस्टर जारी कर कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधा है।
यह भी पढ़े :- CG Weather: छत्तीसगढ़ में आज भी बारिश के आसार, रायपुर-दुर्ग समेत इन संभागों में बरसेंगे बादल
छत्तीसगढ़ भाजपा की ओर से जारी पोस्टर में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल और मौजूदा भाजपा सरकार के कामकाज के बीच तुलना दिखाई गई है। पोस्टर के एक हिस्से में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के हाथ में ‘आवास रद्द’ का पर्चा दिखाया गया है, जबकि दूसरे हिस्से में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास की चाबी सौंपते नजर आ रहे हैं।

BJP ने कहा- यही कांग्रेस के कुशासन और भाजपा के सुशासन का फर्क
पोस्टर के साथ भाजपा ने छत्तीसगढ़ी में लिखा है कि कांग्रेस सरकार के दौरान जरूरतमंद परिवारों के पक्के घर का हक छीन लिया गया था, जबकि भाजपा सरकार में गरीब परिवारों के आवास का सपना पूरा हो रहा है।
भाजपा ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से प्रदेश को 3.65 लाख अतिरिक्त प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति मिली है। पार्टी का कहना है कि गांव-गांव में पक्के मकान बनने से रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं और परिवारों का भविष्य मजबूत हो रहा है।




