रायपुर। वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 25 सितंबर 2026 को देशभर में एक साथ सामूहिक पूर्ण वंदे मातरम् गायन का आयोजन किया जाएगा। सुबह ठीक 11 बजे करोड़ों विद्यार्थी, शिक्षक और नागरिक एक साथ एक स्वर में वंदे मातरम् का पूर्ण गायन करेंगे। आयोजकों के अनुसार, इस ऐतिहासिक आयोजन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।
यह भी पढ़े :- PM आवास पर सियासत तेज, BJP ने जारी किया पोस्टर; भूपेश के हाथ में ‘आवास रद्द’ तो CM साय हितग्राहियों को देते दिखे चाबी
वंदे मातरम् को देश की राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक बताते हुए विद्या भारती की ओर से अखिल भारतीय स्तर पर इस आयोजन की तैयारी की जा रही है। आयोजकों का कहना है कि वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का अवसर स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के त्याग, संघर्ष और मातृभूमि के प्रति उनके समर्पण को याद करने का भी अवसर है।
छत्तीसगढ़ की होगी अहम भागीदारी
इस आयोजन में छत्तीसगढ़ भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ शामिल होगा। प्रदेश के 1100 से अधिक सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों में सामूहिक वंदे मातरम् गायन का आयोजन किया जाएगा। इसमें करीब 3 लाख विद्यार्थी और 11 हजार शिक्षक शामिल होंगे।

आयोजकों की ओर से प्रदेश के युवाओं और आम नागरिकों को भी इस देशभक्ति से जुड़े आयोजन में शामिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरस्वती शिशु मंदिरों के आसपास स्थित अन्य विद्यालयों और महाविद्यालयों से भी 25 सितंबर को कार्यक्रम में पहुंचकर सहभागिता करने का आह्वान किया गया है।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लिए बनाए जा रहे प्रोटोकॉल
आयोजन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार तैयारियां की जा रही हैं। प्रदेश के सभी सरस्वती शिशु मंदिरों में 25 सितंबर को सुबह 11 बजे सामूहिक गायन होगा। इसके लिए विद्यालय स्तर पर कार्ययोजना तैयार कर अभ्यास और अन्य तैयारियां की जा रही हैं।

देशभर में विद्या भारती का नेटवर्क
विद्या भारती के अनुसार, संगठन देश के 684 जिलों में शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करता है। इसके अंतर्गत देशभर में 12 हजार से अधिक विद्यालय और करीब 8 हजार अनौपचारिक शिक्षा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। सरस्वती शिशु मंदिरों में करीब 1.53 लाख शिक्षक और 35.33 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
इन संस्थानों में आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, योग, संगीत और नैतिक मूल्यों पर भी जोर दिया जाता है।
युवाओं और नागरिकों से शामिल होने की अपील
छत्तीसगढ़ में आयोजन के संयोजक एवं विद्या भारती मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष जुड़ावन सिंह ठाकुर ने प्रदेश के युवाओं और नागरिकों से 25 सितंबर को होने वाले सामूहिक वंदे मातरम् गायन में उत्साहपूर्वक शामिल होने की अपील की है।




