CG Weathe : छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता के चलते बारिश का दौर जारी है। बस्तर के ऊपर बने मौसम सिस्टम और सक्रिय मानसून द्रोणिका के प्रभाव से राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में शनिवार को रुक-रुककर बारिश हुई। मौसम विभाग ने रविवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, सोमवार के बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने के आसार हैं।
यह भी पढ़े :- Hartalika Teej 2026 : हरतालिका तीज में न करें ये काम, व्रत के नियम जानकर ही करें पूजा
आज और कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को रायपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। सक्रिय मानसूनी सिस्टम धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है, जिसके चलते सोमवार के बाद प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। (CG Weathe )
बस्तर में सबसे ज्यादा असर
सितंबर के 12 दिन बीत चुके हैं और इस दौरान प्रदेश में दो मौसम सिस्टम सक्रिय हुए हैं। इनके प्रभाव से अब तक छत्तीसगढ़ में करीब 84 मिमी बारिश, जबकि रायपुर जिले में 97.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वर्तमान मौसम सिस्टम का सबसे ज्यादा असर बस्तर क्षेत्र में देखने को मिला है। इसके अलावा रायपुर और दुर्ग संभाग भी प्रभावित हुए हैं।
शनिवार रात हुई बारिश के बाद रविवार सुबह कुछ समय के लिए आसमान साफ रहा। इसके बाद अचानक घने बादल छा गए और कई इलाकों में रिमझिम से लेकर तेज बारिश शुरू हो गई। शाम के समय बादलों की घनी परत के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया।
पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश?
पिछले 24 घंटे के दौरान कोंडागांव के धनोरा में 140 मिमी और बस्तर में 100 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं माकड़ी, भानपुरी, अंबागढ़ चौकी और छुरा में करीब 80-80 मिमी बारिश हुई।
इसके अलावा फरसगांव, मोहला, बालोद, चारामा, बस्तानार और गादीरास समेत कई क्षेत्रों में करीब 70-70 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी रायपुर में शाम साढ़े पांच बजे तक करीब 2 सेमी बारिश दर्ज हुई।
मानसूनी गतिविधियों में धीरे-धीरे आएगी कमी
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, सितंबर के आगामी दिनों में प्रदेश में मानसूनी गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आ सकती है। हालांकि, मानसून द्रोणिका सामान्य स्थिति में बनी हुई है, इसलिए बारिश पूरी तरह थमने की संभावना फिलहाल नहीं है।
पिछले साल सितंबर में रायपुर जिले में करीब 284 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। इस बार भी सितंबर में बारिश का आंकड़ा इसके आसपास पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। (CG Weathe )




