रायपुर। कर्नाटक सरकार के वंदे मातरम को लेकर लिए गए फैसले पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि संसद में विधेयक पारित कर वंदे मातरम को लेकर कानून बनाया गया है। ऐसे में कर्नाटक सरकार का निर्णय लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है और यह भारत माता का अपमान है।
यह भी पढ़े ;- शराब की ओवररेट बिक्री पर आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, उप निरीक्षक तुलेश्वरी देवांगन निलंबित
शिवराज सिंह चौहान सक्ती जिले के ग्राम जेठा में आयोजित प्रधानमंत्री आवास योजना और लखपति दीदी सम्मान कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के कामकाज को लेकर भी कई दावे किए।
छत्तीसगढ़ में हर दिन पूरे हो रहे 1600 आवास
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता ने भाजपा को काफी समर्थन दिया है और प्रदेश में विकास की गति तेज हुई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने गरीबों को पक्के मकान का अधिकार देने की दिशा में काम किया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में गरीब परिवारों के लिए 3 लाख 65 हजार से अधिक मकान स्वीकृत किए गए हैं। मुख्यमंत्री को भी आवासों की स्वीकृति के प्रमाण पत्र दिए जा रहे हैं। उनके अनुसार छत्तीसगढ़ में प्रतिदिन करीब 1600 मकानों का निर्माण पूरा हो रहा है।
शिवराज ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य में छत्तीसगढ़ की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। ग्रामीण सड़कों से जुड़ी योजनाओं में भी प्रदेश को शामिल किया गया है और केंद्र की ओर से छत्तीसगढ़ के लिए 36 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
PM मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का जिक्र
17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश का स्वाभिमान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
BRICS को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना
BRICS सम्मेलन को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों पर केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दुनिया की करीब आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करने वाले देशों का एक मंच पर आना महत्वपूर्ण है और पूरी दुनिया की नजर BRICS सम्मेलन पर है।
शिवराज ने आरोप लगाया कि जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ता है तो कांग्रेस को परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश की प्रतिष्ठा और विकास पर सवाल उठाती है, जबकि देश की प्रगति से उसे खुश होना चाहिए।




