रायपुर। राजधानी रायपुर के गोलबाजार इलाके में दिनदहाड़े 50 हजार रुपए की उठाईगिरी का मामला सामने आया है। घटना में धमतरी से खरीदारी करने रायपुर पहुंचे कारोबारी सुभाष गंगवानी के बैग से रकम गायब हो गई। शिकायत के बाद गोलबाजार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- कॉलेज की समस्याओं पर भड़के छात्र, सड़क पर चक्काजाम; प्राचार्य को हटाने की मांग
जानकारी के मुताबिक, बांसपारा, धमतरी निवासी सुभाष गंगवानी बस से रायपुर पहुंचे थे। पचपेड़ी नाका उतरने के बाद वे ऑटो से गोलबाजार के लिए रवाना हुए। उस समय उनके पास काले रंग का बैग था, जिसमें 50 हजार रुपए नकद रखे हुए थे।
गोलबाजार थाना के पास ऑटो से उतरने के बाद कारोबारी बंजारी मंदिर की ओर चले गए। कुछ देर बाद जब उन्होंने अपना बैग देखा तो उसमें रखे रुपए गायब थे। इसके बाद उन्होंने गोलबाजार थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने कारोबारी की शिकायत के आधार पर धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब कारोबारी के आने-जाने के रास्ते और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच समेत अन्य पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है।




