बालोद। शासकीय महाविद्यालय डौंडीलोहारा में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर छात्र-छात्राओं का आक्रोश सामने आया। समस्याओं का निराकरण नहीं होने और प्राचार्य रोशन आरा को हटाने की मांग को लेकर बुधवार को बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने दल्लीराजहरा-राजनांदगांव मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ कैबिनेट के बड़े फैसले: निर्यात नीति को मंजूरी, सरकारी कर्मचारियों की आयु सीमा 45 वर्ष
प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों ने कॉलेज के सामने सड़क पर करीब 10 मिनट तक चक्काजाम किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और विद्यार्थियों को सड़क से हटाया। इसके बाद छात्र-छात्राएं कॉलेज के सामने ही धरने पर बैठ गए। देर तक धरना-प्रदर्शन जारी रहने के कारण कॉलेज परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया।
टीसी काटने की धमकी देने का आरोप
प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने आरोप लगाया कि कॉलेज की मूलभूत समस्याओं को लेकर जब वे प्राचार्य को जानकारी देते हैं, तो उन्हें टीसी काटने की धमकी दी जाती है। छात्रों का कहना है कि उन्होंने समस्याओं के निराकरण के लिए जिला प्रशासन और कलेक्टर से भी शिकायत की थी, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ।
स्थिति को देखते हुए पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनने और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
एबीवीपी ने दिया समर्थन
छात्र-छात्राओं के आंदोलन को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का समर्थन भी मिला। संगठन के कार्यकर्ता विद्यार्थियों के साथ धरने में शामिल हुए और उनकी मांगों के निराकरण की मांग की।
फिलहाल कॉलेज के सामने विद्यार्थियों का धरना जारी है। छात्र मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने के साथ ही प्राचार्य को हटाने की मांग पर अड़े हुए हैं।




