रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसूनी सिस्टम कमजोर पड़ने से बारिश की रफ्तार फिलहाल धीमी हो गई है। सोमवार को कई इलाकों में धूप निकलने के कारण दिनभर उमस और गर्मी से लोग परेशान रहे। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को भी मौसम में खास बदलाव की संभावना नहीं है, जबकि बुधवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं।
यह भी पढ़े :- नवविवाहिता की हत्या का खुलासा, पति गिरफ्तार
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। प्रदेश में अब तक हुई मौसमी वर्षा सामान्य के आसपास रही है, हालांकि इसमें करीब 5 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
कई इलाकों में हल्की बारिश
सोमवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हुई। इस दौरान दुर्ग में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी संभावना है। अगले दो दिनों तक कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात को लेकर चेतावनी भी जारी की गई है।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में 8 सितंबर को आकाश आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
इन इलाकों में हुई बारिश
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार कुसमी (बलरामपुर) में 5 सेमी बारिश दर्ज की गई। वहीं कटेकल्याण (दंतेवाड़ा) में 3 सेमी, जबकि कुआकोंडा (दंतेवाड़ा) और नानगुर (बस्तर) में 2-2 सेमी वर्षा हुई।
इसके अलावा वाड्रफनगर (बलरामपुर), गादीरास (सुकमा), अमलीपदर (गरियाबंद), बस्तर, बकावंड (बस्तर), पेंड्रा (गौरेला-पेंड्रा-मरवाही) और गंगालूर (बीजापुर) में 1-1 सेमी बारिश दर्ज की गई।




