रायपुर। बलरामपुर में ग्राम सड़क योजना के तहत बनाया गया पुल पहली ही बारिश में क्षतिग्रस्त होने के मामले को लेकर कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी, लेकिन यदि कहीं भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता खराब पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा।
मंत्री नेताम ने कहा, “मामले की पूरी जानकारी आने दीजिए। मैं उस वक्त उपस्थित नहीं था।” उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। जांच में यदि निर्माण की स्थिति खराब पाई जाती है तो संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
किसान मोर्चा की बैठक को लेकर बोले नेताम
किसान मोर्चा की बैठक को लेकर कृषि मंत्री ने कहा कि भाजपा संगठन ने अलग-अलग वर्गों के लिए विभिन्न मोर्चों की व्यवस्था की है। इन मोर्चों के माध्यम से संबंधित वर्गों की समस्याओं, विषयों और आवश्यकताओं पर लगातार चर्चा और अध्ययन किया जाता है। पार्टी का उद्देश्य संगठन को सर्वस्पर्शी और सर्वग्राही बनाना है।
उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा किसानों के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों, दायित्वों और किसानों से जुड़ी समस्याओं का समय-समय पर अध्ययन करता है। इसके बाद रिपोर्ट संगठन को सौंपी जाती है।
मंत्री ने कहा कि किसान मोर्चा की मांगों के आधार पर सरकार बनने के बाद किसानों से 2,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी शुरू की गई। किसानों को अधिकतम उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करने के प्रयास किए गए। साथ ही वर्ष 2023 में सरकार बनने से पहले का बकाया बोनस भी किसानों को दिया गया।
उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन दोनों का दायित्व है कि किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।
आदिवासी मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
कांग्रेस द्वारा आदिवासी मुद्दों को लेकर बड़े आंदोलन की तैयारी के सवाल पर रामविचार नेताम ने कहा कि विपक्ष की अपनी भूमिका होती है और अलग-अलग समय पर वह विभिन्न वर्गों के बीच जाने का प्रयास करता है।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस कभी किसानों, कभी महिलाओं और कभी युवाओं के बीच जाने की बात करती है और अब उसे एसटी वर्ग दिखाई दे रहा है, इसलिए वह आदिवासी समाज के बीच जाने की तैयारी कर रही है। नेताम ने कहा कि प्रदेश की जनता और एसटी वर्ग के लोग कांग्रेस पर भरोसा नहीं कर सकते।
झीरम मामले पर बोले- मामला न्यायालय में है
बहुचर्चित झीरम घाटी मामले को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री नेताम ने कहा कि मामला न्यायालय से जुड़ा हुआ है, इसलिए इस पर वह क्या कह सकते हैं।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी की अंदरूनी लड़ाई समय-समय पर सामने आती रहती है। हाल के दिनों में भी कांग्रेस नेताओं के कई बयान सामने आए हैं, जिनसे पार्टी के भीतर चल रही स्थिति उजागर होती रही है।




