रायपुर। राजधानी रायपुर में मानवता और रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक पिता पर अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ लगातार दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए उसे बालिग व विवाहित बताकर प्रसव कराने तथा नवजात शिशु की बिक्री की साजिश रचने का आरोप है।
यह भी पढ़े :- सूर्य-गुरु की युति से बना द्विद्वादश राजयोग, 3 राशियों पर होगी धन की बारिश!
मामले में न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिता, बुआ सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
2023 से शुरू हुआ शोषण
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त 2026 को 16 वर्ष से कम उम्र की पीड़िता ने न्यू राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि वर्ष 2023 में अमलीडीह स्थित एक रिश्तेदार के घर पर उसके पिता ने जान से मारने की धमकी देकर पहली बार दुष्कर्म किया। भय के कारण वह किसी को कुछ नहीं बता सकी और आरोपी लगातार उसका यौन शोषण करता रहा।
कुछ समय बाद पीड़िता गर्भवती हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर बुआ और पिता ने मिलकर उसे गर्भपात की दवा जबरन खिलाई तथा मारपीट की, जिससे गर्भपात हो गया।
दूसरी बार गर्भवती होने पर रची साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2025 में पीड़िता दोबारा गर्भवती हुई। इस बार गर्भ छिपाने और जन्म लेने वाले बच्चे को बेचने की साजिश रची गई। आरोपी पिता पीड़िता को वर्षा मंडल नामक महिला के घर ले गया, जहां से उसे गीता राय के पास भेज दिया गया।
आरोप है कि गीता राय ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर पीड़िता की उम्र बढ़ाकर उसे बालिग और विवाहित दर्शाया। इसके आधार पर डंगनिया स्थित वासुदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां ऑपरेशन के जरिए उसने एक पुत्र को जन्म दिया। बाद में नवजात शिशु को अन्य व्यक्ति को सौंप दिया गया और पीड़िता से धमकाकर कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी कराए गए।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 64(2)(एफ), 65, 336, 337, 61(2), 351(2), 115(2), 89 एवं 3(5), पॉक्सो एक्ट की धाराओं 4(2), 5(एन), 6 तथा जेजे एक्ट की धारा 81 के तहत अपराध दर्ज किया है।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
- पीड़िता का पिता (मुख्य आरोपी)
- पीड़िता की बुआ
- साहेब मंडल (42), ऋषभ नगर, रायपुर
- बरखा वर्मा उर्फ वर्षा मंडल (34), ऋषभ नगर, रायपुर
- रोहित कुमार राय (35), चंगोराभांठा, रायपुर
- योगिता राय उर्फ गीता राय (32), चंगोराभांठा, रायपुर
पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है तथा नवजात शिशु को सौंपे गए व्यक्ति की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।




