कोरबा। छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत बिछाई जा रही नई रेल लाइन में इस्तेमाल होने वाली रेलवे पटरी पर चोर गिरोह की नजर होने का मामला सामने आया है। कोरबा जिले के जटगा चौकी क्षेत्र में पुलिस ने एक किराए के मकान से करीब 6.5 टन वजन की 36 नग कटी हुई रेलवे पटरी बरामद की है। इतनी बड़ी मात्रा में रेलवे सामग्री मिलने के बाद पुलिस ने चोरी के संगठित नेटवर्क की आशंका जताई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से चार ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू गैस सिलेंडर और स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद रेलवे सामग्री को काटकर कहीं और ले जाने की तैयारी की जा रही थी।
बरबसपुर के किराए के मकान में मिला रेलवे का सामान
पूरा मामला जटगा चौकी क्षेत्र के बरबसपुर गांव का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक किराए के मकान में रेलवे से संबंधित बड़ी मात्रा में सामग्री रखी गई है। इसके बाद टीम ने मौके पर दबिश दी।
मकान आखिर लाल का बताया जा रहा है, जिसे राजू कुमार नामक युवक ने किराए पर लिया था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, राजू कुमार छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत नई रेल लाइन के निर्माण कार्य में लगी एक निजी कंपनी से जुड़ा हुआ था।
पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो वहां कटी हुई रेलवे पटरियां मिलीं। वजन करने पर इनका कुल वजन करीब 6,480 किलोग्राम बताया गया है।
गैस कटर और सिलेंडर ने बढ़ाया शक
रेलवे पटरी के साथ मौके से चार ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू गैस सिलेंडर और अन्य उपकरण मिलने से पुलिस का संदेह और गहरा गया है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि रेलवे पटरी को कहां से निकाला गया और उसे काटकर किराए के मकान तक कैसे पहुंचाया गया।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में केवल एक व्यक्ति शामिल है या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह काम कर रहा है।
पुलिस पहुंचने से पहले आरोपी हुआ फरार
पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही मकान में मौजूद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में रेलवे पटरी चोरी के स्रोत, इसे काटने वाले लोगों और चोरी के माल को खपाने वाले नेटवर्क के संबंध में अहम जानकारी सामने आ सकती है।
रेलवे और संबंधित कंपनी से मांगी जा रही जानकारी
जटगा चौकी प्रभारी भीम यादव के मुताबिक, मकान से रेलवे की कटी हुई पटरी समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। रेलवे के संबंधित अधिकारियों को बरामद सामग्री की जानकारी दी गई है।
नई रेल लाइन का निर्माण कर रही संबंधित कंपनी के अधिकारियों को भी बुलाया गया है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बरामद पटरियां किस परियोजना या स्थान से संबंधित हैं और इन्हें वैध तरीके से वहां रखा गया था या चोरी कर लाया गया था।
पहले बांकी मोंगरा में भी सामने आ चुका है मामला
छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के निर्माण कार्य से जुड़ी रेलवे सामग्री पर नजर रखने वाले कबाड़ चोरों का यह मामला इससे पहले बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में भी सामने आ चुका है। जटगा क्षेत्र में अब बड़ी मात्रा में रेलवे पटरी मिलने के बाद पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से जांच रही है।
पुलिस को आशंका है कि रेलवे सामग्री की चोरी के बाद उसे जिले के सीमावर्ती इलाकों में कबाड़ के रूप में खपाने की कोशिश की जा सकती है। हालांकि चोरी के नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की वास्तविक संख्या का पता आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही चल सकेगा।
36 पटरियां बरामद, जांच में जुटी पुलिस
कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने बताया कि जटगा चौकी क्षेत्र के बरबसपुर स्थित किराए के मकान से करीब 6,480 किलो वजन की 36 नग रेलवे पटरी बरामद की गई है। इसके अलावा चार ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू गैस सिलेंडर और स्वराज माजदा वाहन भी जब्त किया गया है।
फिलहाल फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस बरामद रेलवे सामग्री के स्रोत और इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।




