रायपुर। कटघोरा-उरगा एनएच सड़क परियोजना से प्रभावित भूमि को छोड़कर अन्य जमीनों की खरीदी-बिक्री और रजिस्ट्री की अनुमति देने की मांग को लेकर कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा कलेक्टर को पत्र लिखा है। मंत्री ने प्रभावित नक्शा-खसरा को यथावत रखते हुए शेष अप्रभावित भूमि के संबंध में रजिस्ट्री की अनुमति देने का आग्रह किया है।
यह भी पढ़े :- खुले नाले ने ली 4 साल के मासूम की जान, खेलते-खेलते बहा 500 मीटर दूर
मंत्री ने पत्र में कहा है कि कटघोरा-उरगा एनएच सड़क से संबंधित भूमि की रजिस्ट्री लंबे समय से बंद है। इसके कारण क्षेत्र के आम नागरिकों और भूमि स्वामियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जमीन की खरीदी-बिक्री पर रोक के चलते कई लोग अपनी आवश्यकताओं के लिए भूमि का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सड़क परियोजना से वास्तव में प्रभावित नक्शा-खसरा और भूमि को छोड़कर बाकी अप्रभावित जमीनों की खरीदी-बिक्री की अनुमति दी जा सकती है। इससे प्रभावित भूमि पर किसी तरह का असर नहीं पड़ेगा और अप्रभावित क्षेत्र के नागरिकों को भी अनावश्यक परेशानी से राहत मिलेगी।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने जनहित को ध्यान में रखते हुए कटघोरा-उरगा एनएच की शेष अप्रभावित भूमि की खरीदी-बिक्री और रजिस्ट्री की अनुमति जल्द प्रदान करने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन का उद्देश्य विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ आम नागरिकों की सुविधा और उनके हितों का संरक्षण सुनिश्चित करना है। अप्रभावित क्षेत्र के भूमि स्वामियों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान कर उन्हें आवश्यक राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।




