जगदलपुर। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन (CGTA) के प्रतिनिधिमंडल ने संयुक्त संचालक (शिक्षा) एच.आर. सोम से मुलाकात कर शिक्षकों की पदोन्नति, वरिष्ठता सूची में त्रुटियों और गैर-शैक्षणिक कार्यों से जुड़ी समस्याओं को लेकर मांगपत्र सौंपा। इस दौरान विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा भी हुई।
यह भी पढ़े :- कवर्धा के निजी स्कूल में छात्रा के बच्चे को जन्म देने का मामला: स्कूल प्रबंधन पर उठे सवाल, एसआईटी जांच की मांग
प्रदेश उपाध्यक्ष प्रवीण श्रीवास्तव और बस्तर जिलाध्यक्ष डॉ. लुदरसन कश्यप के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने सहायक शिक्षक से प्राथमिक शाला प्रधान पाठक, यूडीटी से माध्यमिक शाला प्रधान पाठक सहित रिक्त पदों पर डीपीआई द्वारा निर्धारित समय-सीमा के अनुसार पदोन्नति देने की मांग की। साथ ही संभाग स्तर पर जारी वरिष्ठता सूची में मौजूद त्रुटियों को सुधारने का भी आग्रह किया।
संयुक्त संचालक (शिक्षा) एच.आर. सोम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि प्राप्त दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद वरिष्ठता सूची में आवश्यक संशोधन कर प्रचलित नियमों के अनुसार जल्द पदोन्नति की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
बैठक के दौरान शिक्षकों ने गैर-शैक्षणिक कार्यों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पोर्टलों पर लगातार जानकारी अपलोड करना, प्रतिदिन फोटो और वीडियो भेजना, एक ही जानकारी को ऑनलाइन, ऑफलाइन, गूगल वर्कशीट और एक्सेल शीट में अलग-अलग उपलब्ध कराना जैसे कार्यों में शिक्षकों का काफी समय व्यतीत हो रहा है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अधिकांश प्राथमिक विद्यालयों में केवल दो शिक्षक पदस्थ हैं, ऐसे में अतिरिक्त प्रशासनिक और तकनीकी कार्यों के कारण नियमित शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने इस व्यवस्था में सुधार और गैर-शैक्षणिक कार्यों का बोझ कम करने की मांग की।
इस अवसर पर प्रदेश पदाधिकारी कमला शर्मा, जुलेखा शाह, जिला संयोजक फूलदास नागेश, जिला सचिव मो. ताहिर शेख, प्रदेश आईटी सेल प्रतिनिधि नीलमणि साहू, विकास साहू, जिला कोषाध्यक्ष अमित पॉल, जिला संयुक्त सचिव डॉ. तुलादास मानिकपुरी, रामप्रसाद ठाकुर, मनीष अहीर, जिला महिला प्रमुख भूमिका निषाद, सीमा कठाने, गीता ठाकुर सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और प्रतिनिधि उपस्थित रहे।



