दुर्ग/कुम्हारी: चरित्र पर संदेह के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना कुम्हारी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 4, महामाया पारा की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
यह भी पढ़े :- नाबालिग को डराकर 14.5 लाख रुपये और 450 ग्राम सोना ठगा: ASI के बेटे समेत चार आरोपी गिरफ्तार
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी घनश्याम यादव को अपनी पत्नी दुर्गा यादव के चरित्र पर संदेह था, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। रविवार सुबह घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते काफी बढ़ गई। गुस्साए घनश्याम ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और घर में रखे धारदार हंसिया से पत्नी के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल दुर्गा यादव को तत्काल शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कुम्हारी थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने आरोपी घनश्याम यादव को तुरंत हिरासत में ले लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हंसिया जब्त कर लिया। वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।



