बालोद। रनचिरई थाना क्षेत्र के जोरातराई गांव में श्मशान के पास कथित तंत्र-मंत्र की गतिविधि कर रहे 9 लोगों को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह भी पढ़े :- सिंगल यूज प्लास्टिक पर निगम की कार्रवाई, 11 दुकानदारों पर जुर्माना
ग्रामीणों के मुताबिक, पितृ पक्ष से पहले श्मशान के पास इस तरह की गतिविधि और एक-दूसरे का मुंडन किए जाने से उन्हें संदेह हुआ। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि किसी तांत्रिक साधना के लिए यह सब किया जा रहा था। हालांकि, इस गतिविधि के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या था, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
बताया गया कि मौके से नींबू समेत कुछ अन्य सामग्री भी बरामद हुई है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी 9 लोगों को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद उनके खिलाफ रनचिरई थाने में मामला दर्ज किया।
एडिशनल एसपी चंद्रकांत गवर्ना ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत के आधार पर 9 आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। सभी को गुंडरदेही न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




