रायपुर। साइबर ठगी से हासिल रकम का इस्तेमाल कर ज्वेलर्स से सोने के सिक्के खरीदने और कारोबारियों को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए रायपुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने साइबर फ्रॉड की राशि से यूपीआई के जरिए भुगतान कर सोने के सिक्के खरीदे थे। बाद में बैंक द्वारा ट्रांजेक्शन फ्रीज किए जाने पर ज्वेलर्स को ठगी का पता चला। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 12 ग्राम सोने के सिक्के, जिनकी कीमत लगभग 1.80 लाख रुपये है, बरामद किए हैं।
यह भी पढ़े :- रायपुर में होटल, लॉज और धर्मशालाओं की सघन जांच, 89 ठहराव स्थलों पर पुलिस का विशेष अभियान
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
दो ज्वेलर्स को बनाया निशाना
पहली घटना 18 जुलाई 2026 की है, जब संतोषी नगर स्थित श्री ओम शांति ज्वेलर्स में एक युवक ने 7 ग्राम सोने के सिक्के खरीदने के नाम पर 1-1 ग्राम के सात सिक्के खरीदे। करीब 99,900 रुपये का भुगतान JAGDAMBA TC नामक यूपीआई आईडी से किया गया। दो दिन बाद बैंक ने व्यापारी को बताया कि खाते में आई राशि साइबर ठगी से जुड़ी होने के कारण फ्रीज कर दी गई है।
दूसरे मामले में 17 जुलाई को टिकरापारा स्थित अजय ज्वेलर्स में एक युवक ने 5 ग्राम सोने का सिक्का खरीदा और करीब 76,220 रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया। इसके बाद उसने एक अन्य ट्रांजेक्शन के जरिए 23,500 रुपये वापस भी ले लिए। बाद में बैंक ने जानकारी दी कि खाते में आई कुल 1.99 लाख रुपये से अधिक की राशि साइबर फ्रॉड से संबंधित है और उसे वास्तविक पीड़ित को लौटाया जाएगा।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर, यूपीआई आईडी, बैंक खातों, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से साइबर ठगी की रकम का उपयोग सोने के सिक्के और अन्य आभूषण खरीदने में किया, ताकि अवैध रकम को वैध बनाया जा सके।
लगातार तकनीकी जांच और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में तीनों ने साइबर ठगी की रकम से सोने की खरीदी कर ज्वेलर्स को धोखा देने की बात स्वीकार कर ली।
तीन आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनजीत मंडल (27) निवासी कांकेर, शाहिल नेताम (21) निवासी संजय नगर टिकरापारा और आयुष साहू (21) निवासी टिकरापारा रायपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 ग्राम सोने के सिक्के जब्त किए हैं। साथ ही उनके मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त कर फॉरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान इस गिरोह के अन्य लोगों की संलिप्तता के भी संकेत मिले हैं। आरोपियों से साइबर ठगी की रकम के स्रोत, अन्य वारदातों, सहयोगियों और पूरे नेटवर्क के संबंध में पूछताछ जारी है।



