नई दिल्ली: प्रधानमंत्री आवास के बाहर छात्रों से जुड़े मुद्दों पर प्रदर्शन के दौरान हिरासत में लिए गए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में राहुल गांधी दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम स्थित डिटेंशन सेंटर की सीढ़ियों पर एक पैर में जूता पहने बैठे नजर आ रहे हैं।
यह भी पढ़े :- देवशयनी एकादशी 2026: जानें कब है व्रत, पूजा का शुभ मुहूर्त और पारण का समय
संसद में चर्चा न कराने का लगाया आरोप
डिटेंशन सेंटर से जारी वीडियो संदेश में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि संसद में देश की ध्वस्त होती शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के मुद्दों पर चर्चा की मांग की गई थी, लेकिन सरकार ने बहस की अनुमति नहीं दी।
राहुल गांधी की 3 मुख्य मांगें:
शिक्षा मंत्री का इस्तीफा: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत अपने पद से इस्तीफा दें।
केस वापस हों: प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे रद्द किए जाएं और उन पर अत्याचार करने वालों पर कार्रवाई हो।
PM मांगे माफी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के युवाओं से माफी मांगें और परीक्षा प्रणाली में तत्काल सुधार शुरू करें।

PM आवास के बाहर प्रदर्शन के बाद हुई थी कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख विपक्षी नेताओं ने 7 लोक कल्याण मार्ग (PM आवास) के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया था।
नेताओं को मंदिर मार्ग थाने और छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया था, जहां कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी उनसे मिलने पहुंचीं। हालांकि, हिरासत में लेने के कुछ घंटों बाद ही सभी नेताओं को रिहा कर दिया गया।



